Thursday, July 23, 2026
Latest:

उत्तराखंड

रुद्रप्रयाग के देवलधार में मूसलाधार बारिश और अतिवृष्टि का कहर, कई खेत मलबे की भेंट चढ़े, स्कूल जाने वाले रास्ते ध्वस्त, दहशत में ग्रामीण

रुद्रप्रयाग : उत्तराखंड में मानसून की बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। चार घंटे से अधिक समय तक हुई मूसलाधार बारिश और अतिवृष्टि से ग्राम पंचायत रुमसी के देवलधार में कई खेत मलबे की भेंट चढ़ गए। साथ ही राजकीय जूनियर हाईस्कूल का रास्ता भी अवरूद्ध हो गया। मुख्य विकास अधिकारी ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्राथमिकता से जरूरी सुरक्षा कार्य कराने के निर्देश भी दिए। बुधवार को सुबह 8 बजे तक क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश हुई, जिससे रुमसी के देवलधार क्षेत्र में चारों तरफ बरसाती नाले ऊफान पर आ गए। स्थिति यह रही कि कुछ ही देर में मलबा ग्रामीणों के खेतों से होते हुए स्कूल के रास्ते तक पहुंच गया। ग्रामीणों का कहना है कि, गांव के ऊपर जंगल क्षेत्र में तेज बारिश के साथ बादलों की तेज आवाज होने के बाद अचानक बरसाती नालों में भारी मलबा आ गया।

स्कूल के रास्ते ओर खेतों को नुकसान

ग्रामीणों के अनुसार, अतिवृष्टि से चार से अधिक खेतों को नुकसान पहुंचा है। मलबे से स्कूल का रास्ता भी क्षतिग्रस्त हो गया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि अतिवृष्टि से जूनियर हाईस्कूल के रास्ते और कुछ खेतों को नुकसान पहुंचा है।

घटना से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण कर लौटे सीडीओ डाॅ. गणेश सिंह खाती ने बताया कि मुख्य कृषि अधिकारी, राजस्व उप निरीक्षक और खंड विकास अधिकारी को क्षति का आकलन कर प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जूनियर हाईस्कूल के रास्ते में जमा मलबे को प्राथमिकता से हटाने को भी कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *