उत्तराखंड

पेट में 15 किलो की गाँठ लेकर पहुंची महिला, सफल कैंसर सर्जरी से मिली नई जिंदगी

देहरादून: श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के कैंसर सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने एक 51 वर्षीय महिला के पेट से 15 किलो का विशाल ओवेरियन (अंडाशय) ट्यूमर सफलतापूर्वक निकालकर उसे नई जिंदगी दी है।

महिला पिछले कई महीनों से पेट के लगातार बढ़ने, भारीपन और असहजता की समस्या से परेशान थीं। जांच में सामने आया कि उनके पेट में करीब 15 किलो का बड़ा ट्यूमर मौजूद है। विशेषज्ञों की टीम ने चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन करते हुए ट्यूमर को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल दिया। सर्जरी के बाद मरीज की हालत बेहतर बताई जा रही है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही हैं।

कैंसर सर्जरी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज गर्ग ने बताया कि इतने बड़े ट्यूमर की सर्जरी काफी जटिल होती है, लेकिन टीम की सावधानी और विशेषज्ञता से ऑपरेशन सफल रहा।

उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज भी कई मरीज बीमारी को शुरुआती दौर में नजरअंदाज कर देते हैं और जब समस्या गंभीर हो जाती है, तब अस्पताल पहुंचते हैं। जागरूकता और समय पर जांच से ऐसी गंभीर स्थितियों से बचा जा सकता है।

डॉक्टरों ने महिलाओं से अपील की है कि यदि पेट लगातार बढ़ रहा हो, पेट फूलना, दर्द, जल्दी पेट भर जाना या बार-बार पेशाब आने जैसी समस्या हो तो इसे सामान्य न समझें। समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों का बेहतर इलाज संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *